शिवपुरी। जिले के करैरा अंतर्गत ग्राम पंचायत श्योपुरा में खेल परिसर के लिए आरक्षित शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मुक्तिधाम निर्माण का प्रयास सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया।
जानकारी के अनुसार, शासन ने ग्राम श्योपुरा में मुक्तिधाम निर्माण के लिए सर्वे नंबर 14 और 15 स्वीकृत किए हैं। इसके बावजूद कुछ लोगों ने सर्वे नंबर 11, जो श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर के लिए आरक्षित है, पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने पटवारी को मौके पर भेजकर जांच कराई। जांच में पुष्टि हुई कि निर्माण कार्य सर्वे नंबर 11 पर ही किया जा रहा था। पटवारी ने संबंधित लोगों को बताया कि यह भूमि खेल परिसर के लिए सुरक्षित है और मुक्तिधाम के लिए अलग से सर्वे नंबर 14 एवं 15 स्वीकृत हैं।
आरोप है कि समझाइश देने के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पटवारी के साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और उन्हें वहां से भगा दिया। इसके बाद पटवारी ने पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और अवैध निर्माण कार्य को तत्काल बंद करा दिया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।







Be First to Comment