शिवपुरी जिला मुख्यालय पर सोमवार को करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम कलोथरा अब्बल से आए पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा की मांग की। पीड़ितों का आरोप है कि गांव के दबंगों ने जमीन हड़पने के विरोध पर टपरिया में आग लगा दी और महिलाओं से मारपीट की।
शिकायतकर्ता राजकिशोर जाटव, कमलकिशोर जाटव और रायसिंह जाटव ने बताया कि गांव के मानसिंह, रणवीर पुत्र बारेलाल जाटव फौजी, जयंद पुत्र मानसिंह और अन्य 4-5 लोग मुख्य मार्ग से लगी उनकी जमीन को जबरन अपने नाम कराना चाहते हैं। मना करने पर झूठे केस में फंसाने, जेल भिजवाने और परिवार सहित हत्या की धमकी दी जा रही है।
पीड़ितों के अनुसार 04 अगस्त की सुबह 3 बजे आरोपियों ने खेत की टपरिया में आग लगा दी। इसमें गेहूं, भूसा, कपड़े व 10,000 रुपये जल गए। विरोध करने पर कुल्हाड़ी, चाकू व हॉकी से हमला कर पुक्खो जाटव सहित अन्य महिलाओं को चोटिल कर दिया गया।
पीड़ितों ने कहा कि आरोपी राजनैतिक प्रभाव और धनबल का इस्तेमाल कर रहे हैं। करैरा थाने में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में SP से आरोपियों पर FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की गई है।







Be First to Comment