शिवपुरी। जिले की खनियाधाना तहसील अंतर्गत ग्राम डोंगा, पंचायत गताझकलुई के ग्रामीणों ने कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत देकर पिछले तीन महीने से राशन नहीं मिलने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन वितरण में लगातार अनियमितताएं हो रही हैं, जिससे दर्जनों परिवार परेशान हैं।
शिकायत के अनुसार ग्रामवासियों को पिछले 3 से 4 महीने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत मिलने वाला गेहूं, चावल और शक्कर नहीं मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कंट्रोल के कर्मचारी बल्लू यादव, भूरा यादव और संबंधित अधिकारी राशन आने की बात कहकर लोगों से अंगूठा लगवा लेते हैं, लेकिन राशन का वितरण नहीं करते।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वर्तमान सेल्समैन खेरू यादव निर्धारित मात्रा के बजाय केवल 15-15 किलो राशन दे रहा है, जबकि हितग्राहियों को 35 किलो राशन मिलना चाहिए। साथ ही राशन सामग्री दुकान के बजाय घर पर रखने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि राशन वितरण में गड़बड़ी पहले से होती रही है, लेकिन अब स्थिति और गंभीर हो गई है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सभी पात्र हितग्राहियों को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराने की मांग की है।










Be First to Comment