Press "Enter" to skip to content

तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत; साथी गंभीर घायल / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम गोहरी निवासी 35 वर्षीय मनीराम कुशवाह अपने साथी रामजीलाल कुशवाह के साथ मोटरसाइकिल से कोलारस से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गुगवारा-राई रोड पर राई की ओर से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार सड़क किनारे जा गिरे। मनीराम के सिर और पैर में गंभीर चोटें आने से अधिक रक्तस्राव हुआ और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामजीलाल के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद पीछे आ रहे साथियों ने मृतक के परिजनों को सूचना दी और दोनों को तत्काल कोलारस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मनीराम को मृत घोषित कर दिया।

कोलारस थाना प्रभारी पुनीत वाजपेई ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक व वाहन की तलाश कर रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!