Press "Enter" to skip to content

सरकारी स्कूल पर बढ़ा भरोसा: निजी स्कूल छोड़ 21 बच्चों ने लिया प्रवेश, नामांकन में 20% की बढ़ोतरी / Shivpuri News

शिवपुरी। सरकारी विद्यालयों की छवि बदलने की दिशा में शासकीय माध्यमिक विद्यालय, खोड़ मिसाल बनकर उभरा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के कारण इस वर्ष 21 छात्र-छात्राओं ने निजी विद्यालय छोड़कर यहां प्रवेश लिया है। वहीं पिछले वर्ष की तुलना में विद्यालय के कुल नामांकन में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यालय में 361 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में प्रतिदिन लगभग 80 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज हो रही है, जो सरकारी विद्यालयों के लिए उल्लेखनीय मानी जा रही है।

प्रधानाध्यापक इरशाद मोहम्मद कुरैशी ने बताया कि विद्यालय में शासन और शिक्षा विभाग के सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाता है। जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव, डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के मार्गदर्शन में विद्यालय लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।

विद्यालय में नियमित पढ़ाई के साथ डिजिटल बोर्ड के माध्यम से स्मार्ट क्लास, बाल कैबिनेट, बाल सभा, खेल-खेल में शिक्षा, नैतिक शिक्षा, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाता है और अभिभावकों से नियमित संपर्क बनाए रखकर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

प्रधानाध्यापक ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग को देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, आत्मविश्वास और जीवनोपयोगी कौशल प्रदान करना है। विद्यालय की सफलता यह साबित कर रही है कि समर्पित प्रयासों से सरकारी विद्यालय भी उत्कृष्ट शिक्षा का केंद्र बन सकते हैं।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!