Press "Enter" to skip to content

बर्थडे पार्टी के विवाद के बाद घर में घुसकर हमला करने का आरोप, 1 लाख की नकदी और जेवर लूटने की शिकायत / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम श्रीपुर चक्क निवासी शिशुपाल यादव ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर 11 नामजद सहित 35-40 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार 28 जुलाई 2026 की रात करीब 11:45 बजे उनका छोटा भाई अंशुल यादव कृष्णा पैलेस होटल में जन्मदिन समारोह के निमंत्रण पर गया था। वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे, जबरन घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी सहित अन्य हथियारों से मारपीट की।

शिकायत में बताया गया है कि हमले में शिशुपाल, उनके पिता जयशंकर, भाई कल्याण, अंशुल, रामराजा, वीरेंद्र सिंह, सर्वेश यादव तथा परिवार की महिलाओं प्रेमबाई और बालकुभागी सहित कई लोग घायल हुए। आरोप है कि हमलावर घर से अलमारी में रखे एक लाख रुपये नकद, चांदी का चूरा और महिलाओं के मंगलसूत्र व अन्य जेवर भी ले गए। घटना में घर में तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत में अरुण परिहार, बंटी परिहार, शनि परिहार, रितेश परिहार, रिंकू परिहार, संजय परिहार, नीलू परिहार, छोटू परिहार, भरत परिहार और राजेन्द्र परिहार सहित अन्य लोगों को आरोपी बताया गया है। शिकायतकर्ता ने कुछ आरोपियों पर आपराधिक प्रवृत्ति का होने का भी आरोप लगाया है।

शिशुपाल का कहना है कि बदरवास थाने में रिपोर्ट तो दर्ज हुई, लेकिन उनकी शिकायत के अनुसार कार्रवाई नहीं की गई और अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। साथ ही आरोपियों द्वारा लगातार धमकी देने और उनके खिलाफ झूठा क्रॉस केस दर्ज कराने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत में घटना के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!