शिवपुरी जिले में साइबर ठगी के मामले लगातार नए और हैरान करने वाले तरीकों से सामने आ रहे हैं। ताजा तीन मामलों में करीब 5 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई है। नामोनगर निवासी कारोबारी अरविंद धाकड़ के खाते से बिना किसी ओटीपी, लिंक या ऐप डाउनलोड किए महज पांच मिनट में 2.94 लाख रुपए चार ट्रांजेक्शन के जरिए निकाल लिए गए। वहीं अग्रवाल धर्मशाला रोड निवासी हार्डवेयर व्यवसायी विकास गोयल के खाते से सिर्फ एक अज्ञात कॉल रिसीव करने के बाद 1.01 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर हो गए।
तीसरा मामला भौंती थाना क्षेत्र का है, जहां शिवम गुप्ता का मोबाइल अचानक अपडेट होने के बाद उसका पूरा डेटा डिलीट हो गया। अगले दिन बैंक खाते चेक करने पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 97 हजार रुपए और कोटक महिंद्रा बैंक से 2 हजार रुपए अज्ञात यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर होना सामने आया। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने न कोई ऑनलाइन भुगतान किया और न ही किसी को बैंक संबंधी जानकारी साझा की।
तीनों मामलों में ठगी का तरीका अलग-अलग रहा, लेकिन कुछ ही मिनटों में बैंक खातों से लाखों रुपए साफ हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर बैंक ट्रांजेक्शन, यूपीआई आईडी, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मोबाइल में असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।








Be First to Comment