शिवपुरी। जिले के पिछोर में सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति स्वामी ब्रह्मानंद लोधी की प्रतिमा स्थापित किए जाने का मामला सामने आया है। बाचनौर चौराहा के पास नए अस्पताल मार्ग पर अज्ञात लोगों द्वारा प्रतिमा स्थापित कर दी गई। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे प्रतिमा देखी तो क्षेत्र में इसकी चर्चा शुरू हो गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रतिमा किसने स्थापित की और न ही किसी संगठन या व्यक्ति ने इसकी जिम्मेदारी ली है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रतिमा स्थापित करने वालों की पहचान की जा रही है और जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछोर, खनियाधाना और करैरा क्षेत्र में पहले भी बिना अनुमति महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित किए जाने के मामले सामने आ चुके हैं। प्रशासन पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर प्रतिमा स्थापित करने से पहले सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति प्रतिमा लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
स्वामी ब्रह्मानंद लोधी स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक, आध्यात्मिक संत और स्वतंत्र भारत के पहले भगवाधारी सांसद के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन, शिक्षा, गो-रक्षा और बुंदेलखंड के सामाजिक उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।








Be First to Comment