शिवपुरी। पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम झिरी निवासी जाहिद खान ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को शिकायत देकर गांव की एक महिला और उसके एक सहयोगी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि महिला ने पहले उससे 1 लाख रुपये ले लिए और अब 4 लाख रुपये की अवैध मांग कर रही है। रुपये देने से इनकार करने पर झूठी पुलिस शिकायत कर छेड़छाड़, दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर मामलों में फंसाने और जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार महिला ने पोहरी थाने में उसके खिलाफ शिकायत की थी। थाने पहुंचने पर उस पर दबाव बनाकर प्रतिमाह रुपये देने संबंधी लिखित सहमति भी कराई गई। युवक का कहना है कि उसने महिला से कोई पैसा नहीं लिया है और उसे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिला को गांव के एक व्यक्ति का संरक्षण प्राप्त है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि उसके या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है या उन्हें किसी झूठे मामले में फंसाया जा सकता है।
युवक ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा भविष्य में यदि उसके खिलाफ कोई शिकायत दर्ज हो तो उसकी भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।







Be First to Comment