शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम सुमेढ़ निवासी सोनिया आदिवासी ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को शिकायत देकर अपने पति अर्जुन आदिवासी की हत्या के मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सोनिया का आरोप है कि उनके पति अर्जुन आदिवासी 29 जुलाई 2026 की रात अपने मामा के गांव गए थे, जहां रात करीब 1:30 बजे उनकी हत्या कर दी गई। शिकायत में बृजेश, गोपेश, मुकेश, जसरथ, गीता, भारती और श्रीवती आदिवासी पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। साथ ही आरोप है कि घटना के बाद परिवार को कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
बैराड़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है और अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं शिकायतकर्ता का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है तथा नामजद आरोपियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं की गई है।
सोनिया आदिवासी ने बताया कि उनके पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में उनकी दो बेटियां, पत्नी और घायल मां हैं। पति की मौत के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सुरक्षा प्रदान करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।







Be First to Comment