शिवपुरी। शहर के निवासी नवीन कुशवाह ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को शिकायत देकर एक सराफा कारोबारी पर गिरवी रखे सोने-चांदी के आभूषण और धनराशि हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायत में बताया कि 13 मार्च 2026 को उन्होंने नरेश सोनी उर्फ दीपक सोनी, निवासी कृष्णपुरम कॉलोनी, शिवपुरी के पास करीब 91 हजार रुपये के बदले अपने घर के सोने-चांदी के आभूषण 2 प्रतिशत मासिक ब्याज पर गिरवी रखे थे। गिरवी रखे गए सामान में दो मंगलसूत्र, पायल, नाक की लोंग, कान की अंडियां, टॉप्स सहित अन्य आभूषण शामिल थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि अब नरेश सोनी अपना घर छोड़कर फरार हो गया है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। जब वह उसके घर और ससुराल पक्ष के लोगों के पास जानकारी लेने पहुंचे तो उन्हें भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। नवीन कुशवाहा का कहना है कि जब भी वह अपनी गिरवी रखी संपत्ति या धनराशि वापस मांगते थे तो आरोपी उन्हें विकास सोनी और सुनील सोनी से रकम लेने की बात कहकर टाल देता था, लेकिन वहां से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी नरेश सोनी उर्फ दीपक सोनी का पता लगाने, आवश्यकतानुसार अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ करने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी गिरवी रखी संपत्ति या धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।








Be First to Comment