शिवपुरी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती प्राची शर्मा उपाध्याय के निर्देशन में शुक्रवार को ग्वालियर बायपास पर मोबाइल कोर्ट लगाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 34 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 24,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान तीन सवारी, बिना सीट बेल्ट, काली फिल्म, बिना नंबर के वाहन, नाबालिग द्वारा वाहन चलाने और नियमों के विरुद्ध पदनाम लिखी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई।
मोबाइल कोर्ट के दौरान एमपी-07-सीएल-0100 नंबर की एक गाड़ी भी कार्रवाई की जद में आई। इस वाहन की नंबर प्लेट पर “सरपंच, ग्राम पंचायत सोनी (भाजपा)” लिखा हुआ था, जो मोटर वाहन नियमों के विरुद्ध पाया गया। पुलिस ने नियमानुसार इस वाहन पर भी चालानी कार्रवाई की। इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर किसी भी व्यक्ति या पदनाम के आधार पर कोई छूट नहीं दी जाएगी।
कार्रवाई के दौरान जेएमएफसी श्रीमती प्रत्यक्षा कुलेश, जेएमएफसी श्रीमती प्रिया शर्मा, जेएमएफसी श्री धर्मवीर राठौर, एडीपीओ मयंक श्रीवास्तव, यातायात प्रभारी रणवीर यादव, कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे, सूबेदार प्रियंका घोष सहित यातायात और कोतवाली थाना पुलिस का बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील भी की।








Be First to Comment