शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में 20 वर्षीय राजकुमार लोधी पुत्र राम सिंह लोधी की करंट लगने से मौत के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाकर परिजनों ने राजकुमार का शव पिछोर थाने के सामने रखकर चक्का जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
परिजनों का आरोप है कि गांव के हनुमंत लोधी, विपिन लोधी, संबेल लोधी राजकुमार लोधी को खेत में दवाई डलवाने के बहाने घर से अपने साथ ले गए थे और वहीं करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। मृतक के पिता राम सिंह लोधी ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। वहीं पुलिस का कहना है कि राजकुमार डीजे बैंड का काम पार्टनरशिप में करता था और डीजे वाहन में वेल्डिंग करते समय उसे करंट लग गया था। उसके साथी उसे तत्काल इलाज के लिए झांसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पुलिस के इस आश्वासन से परिजन संतुष्ट नहीं हुए और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच के साथ परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।







Be First to Comment