Press "Enter" to skip to content

पालतू लेब्राडोर की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, महिला शव लेकर थाने पहुंची; पड़ोसियों पर एफआईआर की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के शांति नगर क्षेत्र में आठ माह के पालतू लेब्राडोर कुत्ते की मौत को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शांति नगर निवासी प्रीति परिहार ने पड़ोस में रहने वाले दिव्यांश आरओ प्लांट संचालक मूलचंद खटीक, उनके पुत्र गोलू और ड्राइवर पर लाठियों से पीट-पीटकर उनके पालतू कुत्ते की हत्या करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार सुबह महिला कुत्ते का शव लेकर फिजिकल थाना पहुंची और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रीति परिहार ने बताया कि गुरुवार शाम उनका आठ माह का पालतू लेब्राडोर खाना खाने के बाद घर से बाहर निकल गया था। कुछ देर बाद वह झींगुरा स्थित दिव्यांश आरओ प्लांट की ओर चला गया। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान आसपास के लोगों से जानकारी मिली कि कुत्ते को लाठियों से पीटकर मार दिया गया है। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने कुत्ते के शव को भी दूर फेंक दिया, ताकि घटना की जानकारी किसी को न लग सके। जब वह जानकारी लेने आरोपियों के घर पहुंचीं तो उनके साथ गाली-गलौज की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और मारपीट का प्रयास भी किया गया।

शुक्रवार सुबह महिला को अपने पालतू लेब्राडोर का शव मिला, जिसके बाद वह शव लेकर फिजिकल थाने पहुंचीं और विरोध जताया। अपनी लिखित शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि दिव्यांश आरओ प्लांट में रात के समय संदिग्ध एवं अनैतिक गतिविधियां भी संचालित होती हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं फिजिकल थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!