शिवपुरी। शहर में गुरुवार शाम शिवपुरी की सड़कों पर करीब आधे घंटे तक हाई-स्पीड ड्रामा चलता रहा। नशे में धुत होने के आरोप में लाल रंग की थार (UP93 CE 8223) ने पहले माधव चौक पर नरेंद्र नगर निवासी गौतम शर्मा की कार को टक्कर मार दी। विरोध करने पर थार सवारों ने उन्हें धमकाया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने वायरलेस पर वाहन का अलर्ट जारी कर शहरभर में नाकाबंदी कर दी, लेकिन चालक पुलिस को चकमा देता हुआ सोनचिरैया होटल, भूत पुलिया, टूरिस्ट विलेज होते हुए करबला की ओर भागता रहा। बताया जा रहा है कि पीछा किए जाने के दौरान थार का एक टायर भी फट गया था, लेकिन चालक वाहन दौड़ाता रहा।
पुलिस से बचने की कोशिश में करबला के पास थार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बड़ी नोहरी निवासी वीरेंद्र शर्मा पुत्र रामस्वरूप शर्मा और नवाब साहब रोड निवासी गौरव शर्मा पुत्र राकेश शर्मा घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि वह परिवार के साथ दो बाइकों से बांकड़े मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद भी चालक नहीं रुका और भागने का प्रयास करता रहा।
लगातार पीछा कर रही फिजिकल थाना पुलिस ने आखिरकार थार को घेर लिया। भागने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में फंस गया, जिसके बाद पुलिस ने चालक बृजेश विश्वकर्मा उम्र 30 साल निवासी सिरसौद, थाना अमोला और वाहन मालिक चंद्रपाल चौहान उम्र 30 साल निवासी सिरसौद को हिरासत में लेकर थार जब्त कर ली। पुलिस ने अपराध क्रमांक 165/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 125(ए) के तहत मामला कायम किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम, आरोपियों के नशे की स्थिति और हादसों में हुए नुकसान की जांच कर रही है।









Be First to Comment