Press "Enter" to skip to content

5 किमी मैराथन के साथ खत्म हुआ ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान, एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने खुद लगाई दौड़ / Shivpuri News

शिवपुरी। पुलिस के 15 दिवसीय “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान का गुरुवार सुबह 5 किलोमीटर की मिनी मैराथन के साथ समापन हुआ। पोलो ग्राउंड से शुरू हुई दौड़ में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया स्वयं शामिल हुईं और पुलिसकर्मियों व शहरवासियों के साथ पूरी 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर नशामुक्ति का संदेश दिया। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान शहर के किसी भी थाना प्रभारी ने एसपी के साथ दौड़ में हिस्सा नहीं लिया।

मैराथन सुबह 6 बजे पोलो ग्राउंड से शुरू होकर तात्या टोपे स्मारक, गुरुद्वारा चौराहा, माधव चौक, कमलागंज, वीआईपी रोड, गांधी कॉलोनी, कस्टम गेट, अस्पताल चौराहा, रोटरी चौराहा, कलेक्ट्रेट रोड और एमएम चौराहा होते हुए महल के सामने से वापस पोलो ग्राउंड पहुंचकर समाप्त हुई।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने दौड़ में भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा “नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें” संदेश के साथ हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार

शिवपुरी सराफा एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित मैराथन में पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को नकद पुरस्कार और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर ₹5,500, द्वितीय स्थान पर ₹3,300 और तृतीय स्थान पर ₹2,200 का पुरस्कार दिया गया।

15 दिन चला जागरूकता अभियान

शिवपुरी पुलिस ने 15 जुलाई से जिलेभर में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान चलाया था। अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रैलियां, खेल प्रतियोगिताएं, शपथ समारोह, नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

समापन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!