Press "Enter" to skip to content

एनएच-27 पर भीषण हादसा: डंपर से टकराई बागेश्वर धाम से लौट रही इको, 2 श्रद्धालुओं की मौत, 7 घायल / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एनएच-27 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रही इको कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। सभी यात्री राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के निवासी हैं। घायलों का उपचार शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में जारी है।

जानकारी के अनुसार, भीलवाड़ा निवासी श्रद्धालु 26 जुलाई को बागेश्वर धाम दर्शन के लिए रवाना हुए थे। मंगलवार शाम करीब 5 बजे दर्शन करने के बाद सभी इको वैन से वापस भीलवाड़ा लौट रहे थे। बुधवार रात करीब 12:30 बजे सुरवाया थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर उनकी इको कार आगे चल रहे डंपर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही सुरवाया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने 40 वर्षीय शांता देवी पत्नी राजू कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल कार चालक भरत माली (45) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में भगवती (45), बद्रीलाल (53), सीमा (50), गीता पांचाल (56), रामदेव कुमार (22), राजेश शर्मा (45) और रामेश्वर (60) घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

मृतका शांता देवी के पति राजू कुमार ने बताया कि उनका परिवार हर महीने बागेश्वर धाम दर्शन के लिए जाता था। इस बार उनकी पत्नी और बेटा रामदेव भी साथ गए थे। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि बेटा घायल है।

वहीं, मृत चालक भरत माली के पिता महावीर प्रसाद ने बताया कि भरत उनका इकलौता बेटा था। उसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भरत अपने पीछे दो नाबालिग बेटियों को छोड़ गया है।

सुरवाया थाना पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अंतिम संस्कार के लिए शव राजस्थान भेज दिए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!