शिवपुरी। पोहरी एसडीएम जेपी गुप्ता ने आदिवासी पट्टाधारियों की जमीन पर दोबारा कब्जा करने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ जेल वारंट जारी किए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर की गई है।
कुछ समय पहले राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम अनभौरा में करीब 150 बीघा से अधिक जमीन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है, दबंगों के कब्जे से मुक्त कराकर 64 आदिवासी पट्टाधारियों को सौंपी थी। उस दौरान कब्जाधारियों से लिखित बाउंड ओवर भी भरवाया गया था कि वे भविष्य में जमीन पर दोबारा कब्जा नहीं करेंगे।
हालांकि, पट्टाधारियों की शिकायत पर सामने आया कि कब्जा हटने के बाद दबंग फिर से उसी जमीन पर काबिज हो गए। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम जेपी गुप्ता ने अशोक कुमार पुत्र इंदर सिंह जाट, विनीत कुमार पुत्र जय सिंह जाट और जुगवीर पुत्र गजे सिंह जाट, सभी निवासी ग्राम अनभौरा, के खिलाफ जेल वारंट जारी करने के आदेश दिए हैं।
एसडीएम जेपी गुप्ता ने कहा कि कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जनजातीय समुदाय की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







Be First to Comment