शिवपुरी। शहर के फैमिली कोर्ट परिसर के बाहर मंगलवार को एक युवती ने अपने लिव-इन पार्टनर और उसके साथियों पर छह माह की बच्ची सहित जबरन कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश का आरोप लगाया। विरोध करने पर युवती और उसके माता-पिता के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
फतेहपुर निवासी महक गुहारिया अपनी छह माह की बेटी और माता-पिता के साथ कुटुंब न्यायालय में एक मामले की सुनवाई के लिए आई थीं। महक के अनुसार, सुनवाई के बाद जब वह कोर्ट परिसर से बाहर निकलीं, तभी पुष्पेंद्र चौहान, किट्टू पारीख, आर्यन पचौरी, अमन पाठक, विशाल सहित अन्य लोग वहां पहुंचे और उसे पीछे से पकड़ लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और बच्ची सहित जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई।
महक ने बताया कि उनकी मां ने तत्काल फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश को घटना की जानकारी दी। इसके बाद न्यायालय में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप कर उन्हें और उनकी बच्ची को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
महक का कहना है कि करीब तीन माह पहले भी उन्होंने पुष्पेंद्र चौहान और उसके साथियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने और तीन माह की बच्ची सहित अपहरण का प्रयास करने का मामला दर्ज कराया था। उस मामले में कोतवाली पुलिस ने अपहरण के प्रयास सहित अन्य धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया था।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं।







Be First to Comment