Press "Enter" to skip to content

11 शासकीय शिक्षकों पर निजी कोचिंग चलाने के आरोप, 6 से 7 हजार रुपये तक फीस वसूली और परीक्षा में कम अंक देने की धमकी का आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में शासकीय शिक्षकों द्वारा निजी कोचिंग संचालित करने और छात्रों से मोटी फीस वसूलने के आरोपों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से शिकायत की गई है। क्षत्रिय फ्रीडम फाइटर्स एंड ह्यूमन राइट्स एसोसिएशन के माध्यम से नीरज वर्मा ने आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शहर के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में पदस्थ 11 शिक्षक निजी कोचिंग संचालित कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, एल.डी. शर्मा ए.पी. कोठी के पीछे, प्रदीप झा डॉ. विश्वास के पास, कल्पना धाकड़ लक्ष्मीबाई रोड, केशव शर्मा हाथी खाना, देवेंद्र धाकड़ राजेश्वरी रोड, मनीष शर्मा पी.एस. होटल के पीछे, कृष्णकांत राठौर स्टार अकादमी के सामने, विपिन पचौरी राजेश्वरी रोड, गोविंद धाकड़ हाथी खाना, दीप ओझा झांसी तिराहा एवं महल रोड़ तथा दद्दीवाल सर साइंस कॉलेज के पास निजी कोचिंग संचालित कर रहे हैं।

शिकायत में दावा किया गया है कि इन कोचिंग संस्थानों में प्रत्येक छात्र से सालाना 6 से 7 हजार रुपये तक फीस ली जा रही है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जो छात्र संबंधित शिक्षकों की कोचिंग में प्रवेश नहीं लेते या फीस देने में असमर्थ होते हैं, उन्हें प्रैक्टिकल और वार्षिक परीक्षा में कम अंक देने अथवा परिणाम प्रभावित करने की धमकी दी जाती है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ शिक्षक शासकीय विद्यालयों में पूरा पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाते, जिससे विद्यार्थी निजी कोचिंग लेने के लिए मजबूर हों। इसे शासकीय सेवा नियमों का उल्लंघन बताते हुए शिकायतकर्ता ने कहा है कि जांच के दौरान कोचिंग संचालन से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्य भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

शिकायतकर्ता ने जिला शिक्षा अधिकारी से पूरे मामले की तत्काल एवं निष्पक्ष जांच कर संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!