शिवपुरी। जिले की बदरवास तहसील के खतोरा निवासी आशा सुपरवाइजर रेखा परिहार ने कलेक्टर शिवपुरी को आवेदन देकर अपनी पूर्व पदस्थापना बहाल किए जाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि स्थानांतरण आदेश निरस्त होने के बावजूद उन्हें अब तक उनके पूर्व सेक्टर में पदस्थ नहीं किया गया है, जिससे उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय द्वारा 29 मई 2026 को जारी आदेश के तहत रेखा परिहार का स्थानांतरण सेक्टर खतोरा से रामगढ़ बारौद किया गया था। इसके बाद खतोरा और बारौद की आशा कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर 2 जून 2026 को उक्त स्थानांतरण आदेश तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया।
रेखा परिहार का कहना है कि 15 जून और 23 जून 2026 को आयोजित जनसुनवाई में भी उनके समर्थन में आवेदन प्रस्तुत किए गए। इस दौरान सीएमएचओ ने समिति के निर्णय के आधार पर पूर्व पदस्थापना बहाल करने का आश्वासन दिया था।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि 2 जुलाई 2026 को समिति के समक्ष बुलाया गया, जहां बताया गया कि वर्ष 2013 में जिस स्थान पर उनकी सुपरवाइजर के रूप में पदस्थापना हुई थी, उसी स्थान पर उन्हें रखा जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि आशा सहयोगी का स्थानांतरण नहीं होता और जिस स्थान पर पदस्थापना होती है, वहीं कार्य करना होता है।
रेखा परिहार का आरोप है कि इसके बावजूद आज तक उनके मामले का निराकरण नहीं किया गया है। उन्होंने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि उन्हें उनके पूर्व सेक्टर खतोरा, विजरौनी पूर्व में पुनः पदस्थ करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं।







Be First to Comment