Press "Enter" to skip to content

धूल से दम घुट रहा, ब्लास्टिंग से हिल रहे घर… अब पत्थर क्रेशर के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान / Shivpuri News

शिवपुरी। करैरा तहसील के ग्राम पंचायत पारागढ़ के ग्रामीणों और किसानों ने गांव के पास संचालित एक पत्थर क्रेशर के खिलाफ कलेक्टर को शिकायत सौंपकर उसे तत्काल बंद कराने और उसकी लीज निरस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्रेशर संचालन से क्षेत्र में धूल, ध्वनि प्रदूषण और ब्लास्टिंग के कारण खेती, पर्यावरण तथा लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम के निकट संचालित पत्थर क्रेशर से लगातार उड़ने वाली धूल के कारण फसलें प्रभावित हो रही हैं। वहीं ब्लास्टिंग के दौरान उड़ने वाले पत्थरों से खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि धूल के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़कों की स्थिति खराब हो गई है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। साथ ही विस्फोटक सामग्री के उपयोग से आसपास के मकानों और कुओं को भी नुकसान होने की बात कही गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में 20 जुलाई 2026 को कलेक्टर, एसडीएम करैरा और जिला खनिज अधिकारी को आवेदन दिया गया था तथा अमोला थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पत्थर क्रेशर की तत्काल जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे बंद कराया जाए और लीज निरस्त की जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण और किसान मजबूर होकर धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!