Press "Enter" to skip to content

ट्रैक्टर से खेत जोतने पहुंचे दबंगों पर जमीन कब्जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, एसपी से शिकायत / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के देहात थाना क्षेत्र के ग्राम सतेरिया निवासी बलवीर सिंह यादव एवं उनके परिवार ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर कुछ लोगों पर उनकी कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास, ट्रैक्टर से खेत जोतने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने अपने जीवनभर की जमा पूंजी से ग्राम सतेरिया स्थित सर्वे नंबर 23, 24/1 और 26 की कृषि भूमि विधिवत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी है, जिसका राजस्व अभिलेखों में भी उनके परिवार के नाम दर्ज है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव के जगदीश यादव, जनवेद यादव, कैलाश यादव उर्फ लल्लू यादव तथा आदित्य चौधरी सहित एक परिवार के अन्य सदस्य और उनके साथ कुछ असामाजिक तत्व ट्रैक्टर एवं अवैध हथियारों के साथ खेत पर पहुंचे और जबरन जमीन जोतने लगे। जब शिकायतकर्ता और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि विरोध करने पर गोली मार देंगे।

शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपितों के इस कृत्य से परिवार में भय का माहौल बना हुआ है और किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपितों के विरुद्ध पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होने का दावा किया गया है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, उनकी भूमि को कब्जे से सुरक्षित कराया जाए तथा भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!