Press "Enter" to skip to content

पूर्व सेल्स मैनेजर पर 2 से 3 लाख की धोखाधड़ी का केस, बिल बुक और स्टॉक रजिस्टर में हेराफेरी का आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र में संचालित एक कृषि सेवा केंद्र के पूर्व सेल्स मैनेजर पर बिल बुक और स्टॉक रजिस्टर में हेरफेर कर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने रिकॉर्ड में काटछांट कर दुकान को करीब 2 से 3 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम राठखेड़ा निवासी 28 वर्षीय आकाश वर्मा नायरा पेट्रोल पंप के पास सोनीपुरा-शिवपुरी रोड स्थित दिव्या कृषि सेवा केंद्र का संचालन करते हैं। उनकी दुकान पर कृषि दवाइयों, बीज और खाद की बिक्री होती है। आकाश वर्मा ने बताया कि 5 जुलाई 2022 को ऐनपुरा निवासी अमन धाकड़ (वर्मा) को 8,500 रुपए प्रतिमाह वेतन पर सेल्स मैनेजर नियुक्त किया गया था। उसे बिक्री, स्टॉक का रखरखाव, बिल बुक, स्टॉक रजिस्टर और नकदी का हिसाब-किताब संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी।

आकाश वर्मा के मुताबिक 11 जनवरी 2026 को बिल बुक और स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया गया तो दोनों में अंतर मिला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि बिल बुक और स्टॉक रजिस्टर में काटछांट कर अतिरिक्त प्रविष्टियां दर्ज की गई थीं। इस हेरफेर से दुकान को करीब 2 से 3 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ।

शिकायतकर्ता का कहना है कि पूछताछ के दौरान अमन धाकड़ ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में उसने कोई राशि वापस नहीं की।

पोहरी थाना पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी अमन धाकड़ (वर्मा) निवासी ऐनपुरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!