शिवपुरी। जिले में मिलावटी और घटिया गुणवत्ता वाले दूध एवं दुग्ध उत्पादों पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत शिवपुरी, कोलारस, पोहरी और बदरवास में सात प्रतिष्ठानों से दूध, मावा, पनीर और दही के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के उपसंचालक ने बताया कि शिवपुरी शहर में विष्णु मंदिर के पास छत्री रोड स्थित न्यू जैन दूध डेयरी से खुला मावा और खुला पनीर, जबकि गुर्जर दूध डेयरी से खुला दूध का नमूना लिया गया। कोलारस तहसील के लुकवासा स्थित पवन दूध डेयरी से खुला पनीर और खुला दूध के नमूने लिए गए। वहीं ग्वालियर बायपास पर नरेश गुर्जर के चलित वाहन से भी खुले दूध का नमूना संग्रहित किया गया।
इसी प्रकार पोहरी तहसील के ग्राम झिरी स्थित दिलीप दूध डेयरी से खुला दही और खुला दूध के नमूने लिए गए। बदरवास में एबी रोड स्थित मिश्री दूध डेयरी से सप्रेटा दही तथा माखन दूध डेयरी से खुले दूध का नमूना जांच के लिए लिया गया।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे केवल अच्छी गुणवत्ता वाले दूध और दुग्ध उत्पाद ही खरीदें। यदि कहीं मिलावटी या खराब गुणवत्ता के खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।










Be First to Comment