Press "Enter" to skip to content

बैराड़ में ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की कोशिश का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; गैस कटर, कट्टा और टाटा नेक्सोन कार से दिया था वारदात को अंजाम / Shivpuri News

शिवपुरी। बैराड़ थाना पुलिस ने प्रिंस ज्वेलर्स में गैस कटर से ताला काटकर चोरी का प्रयास करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त टाटा नेक्सोन कार, एक 315 बोर का देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। मामले में मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को बैराड़ निवासी जगदीश प्रसाद गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 जुलाई की रात अज्ञात बदमाशों ने उनकी प्रिंस ज्वेलर्स दुकान का ताला गैस कटर से काटकर चोरी का प्रयास किया। इसी दौरान आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे बदमाश वारदात पूरी किए बिना फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थाना बैराड़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। 26 जुलाई को सहसराम-पहाड़गढ़ मार्ग पर घेराबंदी कर टाटा नेक्सोन कार में सवार सौरभ कुशवाह (20) निवासी भूराडाढ़ा, जिला मुरैना तथा आकाश रावत (28) निवासी भूपतपुरा, जौरा को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान सौरभ के कब्जे से एक 315 बोर का देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रिंकू उर्फ योगेश कुशवाह, राकेश कुशवाह और देवेंद्र उर्फ देवू सविता के साथ मिलकर बैराड़ में बड़ी चोरी की योजना बनाई थी। आरोपियों ने बताया कि गैस कटर से दुकान का ताला काटने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस पहुंचने से वारदात अधूरी छोड़कर भागना पड़ा। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना रिंकू कुशवाह विभिन्न जिलों में चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

कार्रवाई में थाना बैराड़ के निरीक्षक सुरेश शर्मा, उपनिरीक्षक हरिओम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक इकबाल अहमद, आरक्षक अतर सिंह रावत, ज्ञान सिंह रावत, रविन्द्र धाकड़, संदीप राठौर, वीरेन्द्र धाकड़, राजेन्द्र प्रसाद, चालक आरक्षक मनीष परिहार एवं आरक्षक अजय नीखरा की विशेष भूमिका रही।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!