शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र के सिरसौद गांव में लगातार बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने रविवार सुबह सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। सरपंच अतर सिंह लोधी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सुबह करीब 6 बजे सिरसौद-पिछोर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान सरपंच सड़क पर लेट गए, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, ग्रामीणों ने एम्बुलेंस को बिना रोके निकलने दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से लोड सेटिंग के नाम पर प्रतिदिन 10 से 12 घंटे बिजली कटौती की जा रही है। रात के समय बार-बार बिजली गुल होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और गर्मी व उमस के कारण रातभर जागना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में अंधेरे के कारण एक महिला छत से गिरकर घायल भी हो गई थी।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही अमोला थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद सुबह करीब 9 बजे चक्काजाम समाप्त हुआ।
सरपंच अतर सिंह लोधी ने बताया कि क्षेत्र में एक घंटे बिजली देने के बाद अगले घंटे फिर कटौती कर दी जाती है। इस व्यवस्था से सिरसौद सहित आसपास के करीब 15 गांवों के लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करैरा कस्बे में लोड सेटिंग के नाम पर बिजली कटौती नहीं की जाती, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली काटी जा रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि लोड सेटिंग के नाम पर बिजली कटौती बंद नहीं हुई तो वे दोबारा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।







Be First to Comment