Press "Enter" to skip to content

बैग में गैस कटर लेकर पहुंचे 3 चोर, CCTV में कैद हुई पूरी करतूत; बैराड़ में पुलिस की सक्रियता से टली लाखों की चोरी / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के बैराड़ कस्बे के सराफा बाजार में एक बड़ी चोरी की वारदात उस समय टल गई, जब रात्रि गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंच गई। वारदात से पहले तीन बदमाश बैग में गैस कटर और अन्य सामान लेकर दुकान तक पहुंचे थे। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में तीनों चोर गैस कटर से सोने-चांदी की दुकान का ताला काटते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना 22 जुलाई की रात करीब 12 बजे की है। मेन रोड स्थित सराफा बाजार में जगदीश गुप्ता की सोने-चांदी की दुकान को निशाना बनाकर तीन अज्ञात बदमाश पहुंचे। वे अपने साथ एक बैग में गैस कटर लेकर आए थे और दुकान के ताले को काटने लगे। इसी दौरान रात्रि गश्त पर निकली डायल-112 की टीम वहां पहुंच गई।

पुलिस वाहन को अपनी ओर आता देख तीनों बदमाश जलता हुआ गैस कटर मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। गैस कटर चालू हालत में होने के कारण उसमें आग लग गई और छोटा सा विस्फोट भी हुआ। इसके बाद पुलिस ने तत्काल आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी की, लेकिन घनी बस्ती और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर तीनों आरोपी फरार हो गए।

बैराड थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि उस रात उपनिरीक्षक अजय कुमार खलको, डायल-112 में तैनात प्रधान आरक्षक इकबाल अहमद, आरक्षक देवेंद्र, आरक्षक धर्मपाल धाकड़ और आरक्षक अतरसिंह रावत रात्रि गश्त पर निकले थे। उनकी सतर्कता के चलते दुकान में चोरी होने से पहले ही वारदात नाकाम हो गई।

बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि तीनों संदिग्ध सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!