Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल में नशा मुक्ति अभियान, एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने विद्यार्थियों को किया जागरूक / Shivpuri News

शिवपुरी। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे राज्यव्यापी “नशा से दूरी है ज़रूरी” अभियान के तहत बुधवार को गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल, शिवपुरी में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सचिन कुमार धुर्वे, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

विद्यालय की कक्षा 7वीं से 11वीं तक के विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति विषय पर आकर्षक चित्रकला और जागरूकता संदेश प्रस्तुत किए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

अपने संबोधन में एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और उनके सही निर्णय ही उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छे संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच को जीवन का आधार बनाने, स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कीर्ति चावला, प्रबंधन बोर्ड के सदस्य अजय राज सक्सेना, विद्यालय का स्टाफ तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!