Press "Enter" to skip to content

सरेराह दबंगई: हॉर्न बजाने पर स्कॉर्पियो सवार पर हमला, कट्टा लहराने का वीडियो वायरल / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार शाम सरेराह दबंगई का मामला सामने आया है। मनियर आदिवासी मोहल्ले में 10 से 12 युवकों ने लाठी-डंडों और हथियारों के दम पर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान स्कॉर्पियो सवार युवक और उसके परिजनों के साथ मारपीट की गई तथा वाहन में तोड़फोड़ कर दी गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक बाइक पर बैठकर हाथ में कट्टा लहराता नजर आ रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम ईटमा निवासी हेमंत रावत अपनी स्कॉर्पियो से नवाब साहब रोड स्थित घर जा रहे थे। मनियर आदिवासी मोहल्ले से गुजरते समय सड़क पर कुछ युवक खड़े थे। हेमंत द्वारा हॉर्न बजाकर रास्ता देने की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि सूरज कुचवंदिया, अतुल गोस्वामी और लाला कुचवंदिया सहित अन्य युवकों ने हेमंत रावत, उनके चाचा हरनाम रावत और भरत रावत के साथ बेल्ट, डंडों और नुकीली वस्तु से मारपीट की। हमले के दौरान आरोपियों ने स्कॉर्पियो का पीछे का कांच और हेडलाइट भी तोड़ दी, जिससे वाहन को करीब 20 से 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ।

घटना के बाद सामने आए वीडियो में 10 से 12 युवक लाठियां लेकर सड़क पर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक युवक बाइक पर बैठकर खुलेआम कट्टा लहराता नजर आ रहा है। हथियारों के प्रदर्शन का यह वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में लोगों में भय का माहौल है।

कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!