Press "Enter" to skip to content

दिल्ली के बाद अब शिवपुरी में पेपर लीक के खिलाफ बिगुल, छात्राओं ने मांगी धरना-रैली की अनुमति / Shivpuri News

शिवपुरी। पेपर लीक मामलों के विरोध में अब शिवपुरी में भी छात्रों और युवाओं ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को छात्रा सोम्या चौहान और श्रुति जैन ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपा और शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन व रैली निकालने की अनुमति मांगी। यह पहल दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच की गई है।

छात्राओं ने बताया कि वे दिल्ली में चल रहे आंदोलन में शामिल नहीं हो सकीं, इसलिए अब शिवपुरी में युवाओं की आवाज बुलंद करना चाहती हैं। उनका कहना है कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

21 से 24 जुलाई तक धरने का प्रस्ताव

आवेदन के अनुसार जिले के जागरूक नागरिक और युवा 21 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक पोलो ग्राउंड, माधव चौक पर शांतिपूर्ण धरना देना चाहते हैं। इसके साथ ही शहर में रैली निकालने की अनुमति भी मांगी गई है।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन

छात्राओं ने कहा कि कार्यक्रम भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(1)(क) और 19(1)(ख) के तहत मिले अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण सभा के अधिकार के अनुरूप आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसात्मक रहेगा। इसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

छात्राओं का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से युवाओं की आवाज सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना है। फिलहाल इस आवेदन पर जिला प्रशासन के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!