शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को पीड़िता ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 मई 2026 को वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी मंगल राठौर उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 414/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस को 18 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि आरोपी मनियर पार्क के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान मंगल राठौर पुत्र हरीसिंह राठौर (30) निवासी मनियर के रूप में हुई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी टीआई रोहित दुबे, उपनिरीक्षक पूजा धुरैया, प्रधान आरक्षक गजेंद्र चौहान, आरक्षक दीपक तिवारी, दर्शन सिंह एवं बृजेंद्र गवत की विशेष भूमिका रही।







Be First to Comment