शिवपुरी। बैराड़ थाना पुलिस ने महिला से झपटमारी कर छीना गया सोने का मंगलसूत्र और पुतरिया (पेंडल) तथा कोतवाली थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को फरियादिया सोमबती जाटव (22) निवासी ग्राम झलवासा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से भटनावर से झलवासा लौट रही थीं। इसी दौरान दुल्हारा और झलवासा के बीच पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र और पुतरिया, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए थी, झपटकर फरार हो गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 18 जुलाई को चोरी की मोटरसाइकिल के मामले में किशन पुत्र आनंद नामदेव (22), निवासी बस स्टैंड बैराड़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी लल्लू नामदेव के साथ कोतवाली क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने और उसी बाइक से झलवासा के पास महिला से मंगलसूत्र व पुतरिया झपटने की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने का मंगलसूत्र, पुतरिया और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।







Be First to Comment