शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई एक महिला की चार दिन बाद ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को गांव ले आए और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, सलैया निवासी 30 वर्षीय भावना चिड़ार पत्नी राजेंद्र चिड़ार 15 जुलाई की दोपहर अपने पति के साथ बाइक से सलैया से अपनी बहन के गांव सेसई जा रही थीं। इसी दौरान अमोला थाना क्षेत्र में भैया होटल के पास एक मिनी आयशर वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में भावना गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल महिला को पहले जिला अस्पताल शिवपुरी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। शनिवार शाम ग्वालियर के अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए सलैया गांव ले आए और रविवार को अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसकी सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद देहात थाना से जानकारी अमोला थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस तत्काल गांव पहुंची और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुकवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी भेजा। रविवार को पहले से दर्ज सड़क दुर्घटना के प्रकरण के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।







Be First to Comment