शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के कनाखेड़ी गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनी कुटीर की छत से सरिया तोड़ने से रोकना एक दंपति को महंगा पड़ गया। आरोप है कि दो भाइयों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट कर दी। हमले में पति के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, इंदर सिंह चिडार (34) पुत्र लोहरे राम चिडार, निवासी कनाखेड़ी ने शिकायत दर्ज कराई है कि रविवार शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान गांव का गोलू चिडार वहां पहुंचा। इंदर सिंह ने उससे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनी अपनी कुटीर की छत से सरिया तोड़ने के बारे में पूछा।
आरोप है कि इस बात पर गोलू चिडार गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पास पड़ा डंडा उठाकर इंदर सिंह के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। इसके बाद आरोपी ने लाठियों से भी मारपीट की।
शोर सुनकर इंदर सिंह की पत्नी अमृता चिडार बीच-बचाव के लिए पहुंचीं। आरोप है कि गोलू के भाई आशु चिडार ने अमृता के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।
घटना के बाद घायल दंपति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पोहरी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर गोलू चिडार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







Be First to Comment