शिवपुरी। जिले के पिछोर तहसील के ग्राम शाजापुर के एक ही गांव के रहने वाले प्रेमी युगल ने परिजनों की सहमति नहीं मिलने पर ग्वालियर के आर्य समाज मंदिर में विवाह कर लिया। विवाह के बाद नवविवाहित दंपती ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन सौंपा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम शाजापुर निवासी छाया परिहार और धर्मेंद्र गुर्जर के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग था। दोनों ने अपने-अपने परिवारों को विवाह के बारे में बताया, लेकिन परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद दोनों घर छोड़कर ग्वालियर पहुंचे और 13 जुलाई 2026 को आर्य समाज मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कर लिया।
दंपती ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि दोनों बालिग हैं और अपनी स्वेच्छा से विवाह किया है। उनका कहना है कि शादी से नाराज मायके पक्ष, कुछ रिश्तेदार और गांव के कुछ लोगों से उन्हें जान का खतरा है। साथ ही पति धर्मेंद्र गुर्जर और उनके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की आशंका भी जताई गई है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि युवती अपने घर से बिना रुपये, जेवर या अन्य सामान लिए निकली थी, लेकिन उसके बावजूद उस पर बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। भय के कारण दंपती फिलहाल ग्वालियर में रह रहे हैं और अपने गांव वापस नहीं जा पा रहे हैं।






Be First to Comment