शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम गुंगवारा निवासी अजीत धाकड़ ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को शिकायत आवेदन सौंपकर जमीन के रास्ते के विवाद में ग्वालियर के प्रॉपर्टी कारोबारियों सहित कई लोगों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी और पुलिस द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित का अपने घर के पीछे स्थित प्लॉट तक जाने वाले रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। इस संबंध में न्यायालय में दीवानी वाद भी लंबित है। पीड़ित का आरोप है कि विवादित जमीन की प्लॉटिंग से जुड़े लोगों ने जबरन रास्ता खोलने का दबाव बनाया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अशोक सिंह राजपूत निवासी संत निरंकारी भवन के पास, मुरैना, अंतर सिंह राजपूत, प्रदीप यादव निवासी एकता नगर कॉलोनी, बहोड़ापुर (ग्वालियर), राजकुमार सिंह किरार निवासी मरई, खरसपुरा (मुरैना) सहित अन्य लोगों ने अपने साथ कई लोगों को लेकर 14 जुलाई 2026 को लाठी, फर्सा और डंडों से हमला कर दिया। विरोध करने पर पीड़ित और उसके परिवार के साथ मारपीट की गई। शिकायत में महिलाओं के साथ भी मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। घटना में कई लोग घायल हुए, जबकि एक व्यक्ति के हाथ में फ्रैक्चर होने का भी दावा किया गया है।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना के बाद जब वह रिपोर्ट दर्ज कराने कोलारस थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसकी शिकायत के अनुसार सभी नामजद आरोपियों के नाम एफआईआर में शामिल नहीं किए। बाद में एफआईआर की प्रति मिलने पर इसकी जानकारी हुई।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि 16 जुलाई की सुबह आरोपी पक्ष के रघुवीर धाकड़ ने कथित रूप से अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपी का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की भी मांग की है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सभी आरोपियों के नाम प्रकरण में शामिल करने, गंभीर धाराएं बढ़ाने, आरोपी के शस्त्र लाइसेंस की समीक्षा करने तथा भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचाने के लिए सुरक्षा और उचित कार्रवाई की मांग की है।






Be First to Comment