शिवपुरी। जिले के कोलारस क्षेत्र के निवोदा, खोंकर और सेसई गांवों के सैकड़ों किसान और ग्रामीण मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लंबे समय से बनी अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि पड़ोरा फीडर से उन्हें नियमानुसार 10 घंटे बिजली नहीं मिल रही है। बार-बार बिजली कटौती और लाइन में खराबी के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे फसलें सूखने की कगार पर पहुंच रही हैं और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ज्ञापन में किसानों ने आरोप लगाया कि कई बार मरम्मत के नाम पर घंटों बिजली बंद रखी जाती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता। उन्होंने पहले की तरह एक सप्ताह दिन और एक सप्ताह रात में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बहाल करने तथा फीडर पर तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग भी की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नियमित बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।






Be First to Comment