शिवपुरी। जिले के ग्राम सतनवाड़ा कला निवासी किसान हरिवल्लभ धाकड़ ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर बिजली विभाग पर मनमानी कार्रवाई का आरोप लगाया है। किसान ने अपने ऊपर बनाए गए 1,82,716 रुपये के विद्युत प्रकरण को निरस्त करने और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार हरिवल्लभ धाकड़ ने बताया कि गांव में पेयजल संकट उत्पन्न होने पर ग्राम पंचायत के अनुरोध पर उन्होंने अपने निजी नलकूप और विधिवत स्थायी कृषि विद्युत कनेक्शन के माध्यम से गांव एवं मोहल्ले के लोगों को निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराया। उनका कहना है कि इस कार्य का उद्देश्य किसी प्रकार का व्यावसायिक लाभ कमाना नहीं था, बल्कि जनहित और मानवता के नाते ग्रामीणों की पेयजल समस्या का समाधान करना था।
किसान का आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित कनिष्ठ अभियंता (जेई) आयुष ठाकुर ने बिना उनका पक्ष सुने और बिना तथ्यों पर विचार किए उनके विरुद्ध 1,82,716 रुपये का विद्युत प्रकरण बना दिया। उनके अनुसार यह कार्रवाई मनमानी और अनुचित है, जिससे उन्हें आर्थिक, मानसिक और सामाजिक रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हरिवल्लभ धाकड़ ने कलेक्टर से मांग की है कि उनके विरुद्ध बनाए गए विद्युत प्रकरण का पुनर्विचार कर उसे निरस्त किया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारी द्वारा की गई कथित मनमानी की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।






Be First to Comment