Press "Enter" to skip to content

24 घंटे में अंतर्राज्यीय चोर गिरोह गिरफ्तार, शिवपुरी पुलिस ने 11.62 लाख का माल और हथियार बरामद किया / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के देहात थाना पुलिस ने शहर में दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नकदी, एक अवैध 315 बोर का कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा कार सहित कुल 11.62 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 10-11 जुलाई की रात शिवपुरी शहर के देहात और कोतवाली थाना क्षेत्र में कई दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात हुई थी। फरियादियों की रिपोर्ट पर देहात थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा और साइबर तकनीक की मदद से जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक काले रंग की ब्रेजा कार (UP-14 GM-8497) में चार संदिग्ध गरिमा पेट्रोल पंप के पीछे खड़े हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आस मोहम्मद (30), कार्तिक शर्मा (24), जबरुद्दीन खान (23) और आजाद खान (25) निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने शिवपुरी के अलावा भोपाल में भी दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों से 315 बोर का एक अवैध कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, करीब 30,700 रुपये का किराना सामान, लगभग एक लाख रुपये के नए कपड़े, 27,156 रुपये नकद तथा करीब 10 लाख रुपये कीमत की ब्रेजा कार बरामद की है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास यादव सहित देहात थाना पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!