शिवपुरी। शिवपुरी के प्रमुख ऑटोमोबाइल कारोबारी कपिल गुप्ता साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठगों ने उनके बैंक खातों से 2 लाख 94 हजार 202 रुपये ऑनलाइन निकाल लिए। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कपिल गुप्ता वही कारोबारी हैं जिन्होंने नवंबर माह में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का आयोजन कराया था और इसके बाद जिलेभर में चर्चा में आए थे।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 27 जून 2026 की रात करीब 9 बजे उनकी पत्नी शिल्पी गुप्ता ने इलाज संबंधी सलाह लेने के लिए गूगल पर एक डॉक्टर का मोबाइल नंबर खोजा। नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर एक एपीके (APK) फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा।
जैसे ही शिल्पी गुप्ता ने फाइल डाउनलोड की, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके आईसीआईसीआई बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों तक पहुंच बनाकर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से 2 लाख 94 हजार 202 रुपये निकाल लिए।
खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर कपिल गुप्ता ने तत्काल कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






Be First to Comment