शिवपुरी। देहात थाना क्षेत्र में रविवार को थीम रोड पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गुना की ओर से आ रहा एक मिनी ट्रक अचानक टायर फटने से अनियंत्रित हो गया। ट्रक डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा घुसा और सड़क किनारे खड़े ट्रक, बाइक, स्कूटी तथा एक ढाबे की स्टॉल को टक्कर मार दी। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार हादसा राम सहाय ट्रांसपोर्ट के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज धमाके के साथ ट्रक का अगला टायर फटा, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पर चढ़कर रेलिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया।
दूसरी ओर पहुंचने के बाद ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को रगड़ा, फिर एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद एक स्कूटी को भी अपनी चपेट में लिया और अंत में राजस्थानी ढाबा की स्टॉल से टकराकर रुक गया। हादसे में स्टॉल और अन्य वाहनों को नुकसान पहुंचा।
ढाबा संचालक वीरू ने आरोप लगाया कि मिनी ट्रक में चार-पांच लोग सवार थे और वे कथित तौर पर शराब के नशे में थे। उनका कहना है कि हादसे के बाद सभी लोग ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि ट्रक के केबिन में शराब की बोतलें पड़ी थीं। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वीरू के अनुसार टायर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग सतर्क होकर तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले गए। यदि उस समय सड़क किनारे अधिक लोग मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक और उसके साथियों की तलाश की जा रही है। साथ ही नशे में वाहन चलाने के आरोपों की भी जांच की जाएगी।






Be First to Comment