शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में रविवार दोपहर 17 वर्षीय आदिवासी नाबालिग के साथ एक युवक के मिलने की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और मातृशक्ति संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने युवक अकरम खान को पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। थाने में पूछताछ के दौरान नाबालिग के परिजनों ने युवक के साथ मारपीट कर दी, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर स्थिति को शांत कराया।
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों का आरोप है कि अकरम खान नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ रखे हुए था। सूचना मिलने पर कार्यकर्ता होटल पहुंचे और दोनों को कोतवाली थाना लेकर आए। बाद में संगठन के प्रतिनिधि नाबालिग की मां और अकरम खान की पत्नी निशा बानो के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।
अकरम खान की पत्नी निशा बानो ने आरोप लगाया कि उसका पति पिछले करीब डेढ़ वर्ष से नाबालिग के संपर्क में था। उनका कहना है कि इस दौरान वह परिवार का खर्च नहीं उठाता था और विरोध करने पर मारपीट करता था। उन्होंने दावा किया कि महिला थाना, सतनबाड़ा थाना और एसपी कार्यालय सहित कई जगह शिकायतें की गईं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं नाबालिग की मां ने बताया कि मई माह में उनकी बेटी घर छोड़कर चली गई थी। इस संबंध में देहात थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। बाद में पुलिस ने उसे बरामद कर परिवार को सौंप दिया, लेकिन युवक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि इसी वजह से वह दोबारा उनकी बेटी के संपर्क में आ गया।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी विनोद पुरी ने आरोप लगाया कि नाबालिग को वापस लाने के प्रयास के दौरान अकरम खान ने उन्हें फोन और व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकियां दीं। उनका यह भी कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि पूर्व में गुमशुदगी के मामले में नाबालिग को बरामद कर न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय में नाबालिग ने युवक का नाम नहीं लिया था और कहा था कि वह स्वयं घर छोड़कर गई थी। इसी कारण उस समय युवक के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी।
थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि रविवार की घटना के बाद अकरम खान के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






Be First to Comment