शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम नयागांव निवासी अंशुल धाकड़ ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर अपने पिता स्वर्गीय अरविंद धाकड़ की मौत के मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पुलिस ने गंभीर आरोपों के बावजूद हत्या की धाराएं नहीं लगाईं और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की।
जानकारी के अनुसार, घटना 3 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे की है। अंशुल धाकड़ का कहना है कि वह अपने पिता अरविंद धाकड़ के साथ ग्राम बरईपुरा स्थित खेत पर बोई गई मूंगफली और सोयाबीन की फसल देखने गया था। इसी दौरान गांव के ज्ञानी धाकड़, प्रकाश धाकड़, पवन धाकड़, हरिओम धाकड़ और बंटी धाकड़ वहां पहुंचे और खेत के रास्ते को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आवेदन में आरोप है कि आरोपियों ने पहले अरविंद धाकड़ के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। जब अंकुल ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उसे भी जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोप है कि आरोपियों ने अरविंद धाकड़ को जमीन पर गिराकर मारपीट की और उन पर पेट्रोल/डीजल जैसा ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।
परिजनों का कहना है कि आग से झुलसने के बाद अरविंद धाकड़ को पहले पोहरी अस्पताल और फिर गंभीर हालत में शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान 4 जुलाई 2026 की सुबह उनकी मौत हो गई।
आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि अस्पताल में उपचार के दौरान अरविंद धाकड़ ने पुलिस अधिकारियों और डॉक्टरों के सामने दिए अपने बयान में आरोपियों द्वारा मारपीट करने और पेट्रोल/डीजल डालकर आग लगाने की बात कही थी। परिजनों का आरोप है कि इन बयानों को केस डायरी में शामिल नहीं किया गया और पुलिस ने मामले को हत्या के प्रयास की धाराओं तक सीमित रखा।
पीड़ित परिवार ने एसपी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाए तथा कथित लापरवाही और तथ्यों को छिपाने के आरोपों की भी जांच कराई जाए।






Be First to Comment