शिवपुरी जिले के नरवर में शुक्रवार को एक खेत में करीब 8 फीट लंबा अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। अजगर 14 महादेव मंदिर के पीछे स्थित खेत में बकरी का शिकार करने पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार, बकरी के मालिक ने उसकी मिमियाने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर उसने देखा कि एक विशाल अजगर बकरी के पास मौजूद है। इसके बाद तत्काल नरवर के सर्प मित्र सलमान पठान को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सलमान पठान मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पूरे अभियान को देखते रहे।
रेस्क्यू के बाद सलमान पठान ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि इतने बड़े आकार का अजगर अपनी मजबूत पकड़ के कारण बड़े जानवरों और इंसानों के लिए भी खतरा बन सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप या अजगर दिखाई देने पर उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्र को सूचना दें।
रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।






Be First to Comment