Press "Enter" to skip to content

21 जून को टैक्सी लेकर निकला, 26 जून को मिली लाश: पत्नी ने दो युवकों पर जताया हत्या का शक, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के झांसी रोड स्थित रेंज ऑफिस के पास रहने वाली बोनी रजक ने कलेक्टर को आवेदन देकर अपने पति अशोक रजक की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। महिला ने आवेदन में दो युवकों पर पति की हत्या करने का संदेह जताते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, अशोक रजक 21 जून 2026 को सुबह करीब 10 बजे घर से टैक्सी लेकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। उनकी तलाश के दौरान टैक्सी नीलगर चौराहे पर लावारिस हालत में मिली। इसके बाद देहात थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

महिला का कहना है कि 26 जून 2026 को पोहरी बस स्टैंड के पास पुलिस ने अशोक रजक का शव बरामद किया। पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में मौत का कारण जहर का सेवन बताया गया है।

बोनी रजक ने कल्लू खटीक निवासी सरईपुरा और दीपक पर पति की हत्या का संदेह जताया है। उनका आरोप है कि दोनों युवक उनके पति को अपने साथ लेकर गए थे, जिसके बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। साथ ही उसने कहा कि उसके घर के आसपास असामाजिक तत्व घूमते रहते हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में रह रहा है।

पीड़िता ने कलेक्टर से मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कराने, संदिग्ध आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।

More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!