शिवपुरी। जिले की नरवर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत चकरामपुर के बड़ोनियापुरा के ग्रामीणों ने कलेक्टर शिवपुरी को आवेदन सौंपकर करीब 700 वर्ष पुराने पुश्तैनी रास्ते को खुलवाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने पिछले 15 दिनों से रास्ता बंद कर रखा है, जिससे ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, रावतपुरा स्कूल से बड़ोनियापुरा तक जाने वाला यह रास्ता वर्षों से गांव के लोगों के आवागमन का मुख्य मार्ग रहा है। इसी रास्ते से किसान अपने खेतों तक पहुंचते हैं और बच्चे स्कूल आते-जाते हैं। लेकिन कुछ लोगों ने पत्थर और अन्य अवरोध लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है।
आवेदन में बताया गया है कि रास्ता बंद होने से ग्रामीणों का खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। वहीं बच्चों को स्कूल जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग बंद होने से गांव में विवाद की स्थिति भी लगातार बनी हुई है।
ग्रामीणों ने दावा किया है कि यह रास्ता संबंधित सर्वे नंबरों के बीच से गुजरने वाला पुश्तैनी (700 वर्ष पुराना) सार्वजनिक मार्ग है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि तत्काल अतिक्रमण हटाकर रास्ता खुलवाया जाए तथा भविष्य में इस मार्ग का पक्की सड़क के रूप में निर्माण कराया जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर आमजन की समस्या का समाधान करने की मांग की है।






Be First to Comment