शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पोहरी अनुभाग के ग्राम अनभौरा में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 150 बीघा शासकीय पट्टे की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर एसडीएम जे.पी. गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर लगभग 3 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि पर 64 पट्टाधारी आदिवासी परिवारों को दोबारा कब्जा दिलाया।
प्रशासन के अनुसार, छर्च क्षेत्र के ग्राम अनभौरा में वर्षों से कुछ लोगों ने आदिवासी परिवारों की पट्टे की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जा हटाया, भूमि की जुताई कराई और राजस्व अभिलेखों के अनुसार संबंधित पट्टाधारियों को विधिवत कब्जा सौंप दिया।
प्रशासन ने बताया कि अशोक कुमार पुत्र इंदरसिंह जाट, जगवीर पुत्र गजेसिंह जाट, दखो बेबा डब्ल्यू, बल्लू, टिंकू पुत्र लक्ष्मीनारायण, विनीत कुमार पुत्र जयसिंह जाट, जगराम पुत्र हल्ली और श्रिया पुत्र हल्ली सहित कुछ लोगों का विभिन्न रकबों पर अवैध कब्जा था, जिसे हटाया गया।
कार्रवाई में तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही। एसडीएम जे.पी. गुप्ता ने कहा कि गरीब, दलित और आदिवासी परिवारों की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







Be First to Comment