खोड़। क्षेत्र में मंगलवार रात हुई तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली खोड़ स्थित प्रसिद्ध आसमानी माता मंदिर पर गिर गई। तेज धमाके के साथ हुई इस घटना से मंदिर का शिखर और भवन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि घटना के समय मंदिर परिसर में अधिक भीड़ नहीं होने से कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली मंदिर के ऊपरी हिस्से पर गिरी, जिससे शिखर का कुछ भाग क्षतिग्रस्त हो गया तथा पत्थर और प्लास्टर नीचे गिर गए। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंच गए।
आसमानी माता मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने मंदिर के क्षतिग्रस्त हिस्से की शीघ्र मरम्मत कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग प्रशासन से की है।
इधर, मौसम विभाग द्वारा गरज-चमक और बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों, पहाड़ियों तथा धार्मिक स्थलों के खुले हिस्सों में अनावश्यक रूप से खड़े न होने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।







Be First to Comment