शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ककरई गांव के पास मगर्दा-दुबेरा मार्ग पर सवारियों से भरी एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 16 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक और स्टाफ मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:35 बजे निजी यात्री बस अगरा गांव से सवारियों को लेकर शिवपुरी जा रही थी। बैराड़ पहुंचने से पहले ककरई गांव के पास चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर बैराड़ थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से बैराड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
हादसे में ललिता आदिवासी, धनवंती आदिवासी, न्यासी आदिवासी, नारायणी आदिवासी, रति आदिवासी, विद्या यादव, मछला आदिवासी, बीरो आदिवासी, पांचो आदिवासी, सुनीता धाकड़, होतम यादव, हल्की आदिवासी, शांति कुशवाहा, शांति धाकड़, रामकली आदिवासी और पप्पू आदिवासी घायल हुए हैं। सभी का उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिकांश घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की वजह चालक को झपकी आना हो सकती है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हादसे के तुरंत बाद चालक और बस का अन्य स्टाफ मौके से फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।







Be First to Comment